Jharkhand News: झारखंड कैडर के सीनियर आईपीएस अधिकारी साकेत कुमार सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दो साल का सेवा विस्तार दिया गया है. वर्ष 2002 बैच के आईपीएस साकेत सिंह वर्तमान में सीआरपीएफ में झारखंड सेक्टर के आईजी के पद पर कार्यरत हैं. उनके अनुभव को देखते हुए केंद्र सरकार ने उनकी सेवाओं को जारी रखने का फैसला लिया है.
वहीं दूसरी ओर, 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश बंसल की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें झारखंड कैडर में वापस भेज दिया गया है. बंसल नई दिल्ली में भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय में निदेशक के पद पर तैनात थे. अपने केंद्रीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर और बेल्जियम में रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है.
और भी अधिकारियों के आने-जाने की संभावना
जानकारी के अनुसार, झारखंड कैडर के दो और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जल्द ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं. इनमें ए. विजयालक्ष्मी और 2011 बैच के एक आईपीएस अधिकारी शामिल हैं. दोनों ने केंद्र में सेवा देने की इच्छा जताते हुए पुलिस मुख्यालय में आवेदन दिया है.
इसके साथ ही, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत दो अन्य आईपीएस अधिकारियों की झारखंड वापसी भी संभव है. इनमें आशिष बत्रा और जया राय का नाम शामिल है. आशिष बत्रा वर्तमान में एनआईए में आईजी और जया राय एसपी के पद पर तैनात हैं. बताया जा रहा है कि इन दोनों अधिकारियों का केंद्रीय कार्यकाल पूरा होने वाला है, जिसके चलते उनकी वापसी की संभावना जताई जा रही है.