Seraikela News: भाटिया बस्ती स्थित कुंज विहार बिल्डिंग के सामने एक महिला के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिलाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला को बेरहमी से पीटा गया.
क्या है पूरा मामला
पीड़िता संजू कुमारी वर्मा उर्फ संजू दत्ता बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे सड़क किनारे कुत्तों को भोजन दे रही थीं. इसी दौरान शशांक सिंह नामक व्यक्ति से उनका विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं.
घटना के बाद पीड़िता ने आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आ रही है.
पुलिस की भूमिका पर सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है.
महिला सुरक्षा को लेकर भी एक बार फिर चिंता बढ़ गई है. लोगों का सवाल है कि अगर घर के आसपास भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
फिलहाल, इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है.