Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-08

Jamshedpur News: मानगो शंकोसाई में पाइप क्षतिग्रस्त होने से लोगों की बढ़ी परेशानी, उपायुक्त की पहल से शुरू हुआ मरम्मत कार्य

Jamshedpur: मानगो के शंकोसाई रोड नंबर-1 में उस समय स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई, जब एमजीएम अस्पताल के लिए पानी ले जाने वाली पाइपलाइन बिछाने के दौरान दर्जनों घरों के पानी कनेक्शन की पाइप क्षतिग्रस्त हो गई। अचानक पानी सप्लाई ठप हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग विरोध में उतर आए। स्थानीय निवासियों का कहना था कि बिना उचित सावधानी के काम किए जाने के कारण उन्हें अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ी। विरोध करने पर संवेदक और संबंधित अधिकारियों द्वारा धौंस जमाने की भी बात सामने आई, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे विकास सिंह, काम को रुकवाया
घटना की जानकारी देर रात स्थानीय लोगों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी, जिसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालात को गंभीर देखते हुए उन्होंने काम को रुकवाया और पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त को दी। इस हस्तक्षेप के बाद प्रशासन हरकत में आया और मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया।

उपायुक्त की पहल पर सुबह से शुरू हुई मरम्मत
उपायुक्त के निर्देश के बाद अगली सुबह ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। अभियंता इंजीनियर जलालुद्दीन, प्लंबर और पानी का टैंकर लेकर पहुंचे, जिससे स्थानीय लोगों को तत्काल राहत देने का प्रयास किया गया। क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया और साथ ही टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति भी सुनिश्चित की गई, ताकि लोगों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में चल रहा कार्य
मरम्मत कार्य की निगरानी वार्ड पार्षद जितेंद्र साहू और रवि गोराई की देखरेख में की जा रही है। उनकी मौजूदगी में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में राहत की भावना देखने को मिल रही है। विकास सिंह ने भी स्पष्ट रूप से कहा कि आम लोगों को परेशानी में डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा और ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !