Jharkhand News: झारखंड के युवाओं को हुनर और रोजगार से जोड़ने के लिए राज्य सरकार एक अहम पहल करने जा रही है. श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से 13 अप्रैल को राज्य के सात जिलों में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला (PMNAM) आयोजित किया जाएगा. इस मेले के माध्यम से युवाओं को सीधे सरकारी और निजी संस्थानों में काम सीखने और रोजगार पाने का अवसर मिलेगा. निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण के अनुसार, तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के युवा इसमें भाग ले सकते हैं.
इन जिलों में लगेगा मेला
यह मेला साहिबगंज, जामताड़ा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा और पाकुड़ जिलों के नोडल सरकारी आईटीआई केंद्रों में आयोजित किया जाएगा. इससे राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों के युवाओं को अपने नजदीक ही इस अवसर का लाभ मिल सकेगा.
कौन ले सकता है हिस्सा
इस मेले में आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और विभिन्न स्किल कोर्स पास प्रशिक्षार्थियों के साथ-साथ 5वीं पास से लेकर स्नातक तक के सामान्य छात्र भी भाग ले सकते हैं. सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है.
किन सेक्टरों में मिलेगा मौका
मेले में एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर, होटल-रेस्टोरेंट, मॉल, अस्पताल, बैंक और कोचिंग संस्थानों सहित कई क्षेत्रों की कंपनियां भाग लेंगी. यहां युवाओं को अप्रेंटिस के रूप में काम सीखने के साथ-साथ रोजगार पाने का अवसर मिलेगा.
ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन और चयन
इस मेले की खास बात यह है कि अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर किया जाएगा. इसके साथ ही इंटरव्यू और चयन की प्रक्रिया भी मौके पर ही पूरी की जाएगी, जिससे युवाओं को तुरंत अवसर मिल सके.
नियमों का पालन अनिवार्य
सरकार ने स्पष्ट किया है कि अपरेंटिसस एक्ट 1961 के तहत 30 या उससे अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों के लिए 2.5 से 15 प्रतिशत तक अप्रेंटिस रखना अनिवार्य है. नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कहां करें संपर्क
इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी सरकारी आईटीआई या जिला नियोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं. यह मेला युवाओं के लिए करियर की मजबूत शुरुआत करने का एक शानदार अवसर साबित हो सकता है.