Jamshedpur News : छोटा गोविंदपुर स्थित एलआईजी हाउसिंग कॉलोनी में रहने वाले करीब 70 परिवारों के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब हाउसिंग बोर्ड की ओर से उनके मकानों पर नोटिस चिपकाया गया। नोटिस में 15 दिनों के भीतर मकान खाली कर विभाग को सूचित करने का निर्देश दिया गया है।बताया जा रहा है कि इस कॉलोनी में लोग पिछले 40 से 50 वर्षों से रह रहे हैं। अचानक मिले इस नोटिस के बाद सभी परिवारों के सामने सबसे बड़ी चिंता यह खड़ी हो गई कि इतने वर्षों से यहां रहने के बाद अब वे कहां जाएंगे।
40-50 साल से रह रहे लोगों के सामने खड़ा हुआ संकट
इस समस्या को लेकर सभी प्रभावित परिवार हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालक अभियंता से मिलने पहुंचे। लोगों ने अपनी स्थिति से अवगत कराते हुए मकान खाली नहीं कराने की मांग की। इस पर कार्यपालक अभियंता ने उन्हें आश्वस्त किया कि जो लोग जिस फ्लैट में रह रहे हैं, वे उसका पूरा विवरण देते हुए विभाग को आवेदन दें, ताकि मामले पर विचार कर फ्लैट को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
राहत की बात सुनकर लोगों ने कुछ राहत की सांस ली। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे सरकार का निर्धारित राजस्व देने को तैयार हैं, लेकिन उनसे मकान खाली नहीं कराया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि पहले जो मूल्य निर्धारित किया गया था, उसी के आधार पर राशि लेकर उन्हें स्थायी रूप से रहने दिया जाए।
निवासियों ने बताया कि वे लंबे समय से कॉलोनी में रह रहे हैं और रखरखाव (मेंटेनेंस) भी खुद ही करते हैं। ऐसे में विभाग उचित दर तय कर उन्हें मकान नियमित करने का मौका दे।
वहीं कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विभाग के रिकॉर्ड में ये फ्लैट खाली दर्शाए गए हैं, जबकि जांच में पाया गया कि इनमें लंबे समय से लोग रह रहे हैं। इसी कारण नोटिस जारी कर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि लोगों से जवाब मिलने के बाद पूरी रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी और प्रबंध निदेशक (MD) के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई करते हुए फ्लैट को नियमित करने पर निर्णय लिया जाएगा।