Jamshedpur: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह बस्ती बागुननगर में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 26 वर्षीय अभिजीत विश्वास ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है, जब अभिजीत ने अपने कमरे को अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को शक हुआ। बड़े भाई अमित विश्वास ने जब खिड़की से झांककर देखा, तो अभिजीत को फंदे से लटका पाया। यह दृश्य देखते ही परिवार के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल में हुई मौत की पुष्टि
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बिना समय गंवाए कमरे का दरवाजा तोड़ा और अभिजीत को फंदे से नीचे उतारा।
आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में मातम छा गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
दिल्ली से लौटने के बाद बदल गया था जीवन
परिजनों के अनुसार, अभिजीत पहले दिल्ली में गैस कटिंग का काम करता था और वहीं रहकर अपनी जीविका चला रहा था। लेकिन पिछले साल नवंबर में बड़े पिताजी के निधन के बाद उसे वापस जमशेदपुर बुला लिया गया। घर लौटने के बाद वह अपने भाई के साथ कैटरिंग के काम में हाथ बंटाने लगा, लेकिन धीरे-धीरे उसकी जीवनशैली में बदलाव आने लगा, जिसने परिवार की चिंता बढ़ा दी।
नशे की लत और बढ़ता तनाव बना कारण?
परिवार का कहना है कि अभिजीत गलत संगत में पड़ गया था और उसे नशे की लत लग गई थी। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद भी होता था। लगातार हो रहे झगड़ों और अंदर ही अंदर बढ़ते मानसिक तनाव ने उसे काफी परेशान कर दिया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बड़े भाई अमित विश्वास के बयान के आधार पर थाना में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।