Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-04

Purnima Sahu MLA: निजी स्कूलों की मनमानी फीस पर लगे रोक, शहर की समस्याओं पर विधायक पूर्णिमा साहू का उपायुक्त को मांग-पत्र

Jamshedpur: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शनिवार को जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत मांग-पत्र सौंपा। इस दौरान निजी स्कूलों की मनमानी फीस, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, गैस संकट और डॉग-बाइट जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
विधायक ने निजी स्कूलों द्वारा री-एडमिशन फीस, बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन, स्पोर्ट्स और ट्यूशन फीस के नाम पर ली जा रही अतिरिक्त राशि को अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुलाकात के दौरान विधायक ने सिदगोड़ा टाउन हॉल में आधार केंद्र शुरू करने की मांग भी दोहराई। इस पर उपायुक्त ने बताया कि सिदगोड़ा टाउन हॉल में जल्द ही आधार केंद्र की शुरुआत की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी।

आगामी मानसून को देखते हुए विधायक ने शहर में साफ-सफाई, कचरा उठाव और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल को होने वाली जमशेदपुर अक्षेस की बैठक में इन मुद्दों को प्रमुखता से रखा जाएगा।

इसके अलावा विधायक ने शहर की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने, ट्रांसफॉर्मर की जांच, खुले बिजली तारों की कवरिंग और अंडरग्राउंड केबल बिछाने की मांग की। साथ ही चापाकल व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने चापर की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। उपायुक्त ने इस पर सख्ती से निगरानी और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

विधायक ने गैस की कृत्रिम किल्लत का मुद्दा भी उठाया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उपायुक्त ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों और कृत्रिम संकट उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं शहर में बढ़ते डॉग-बाइट मामलों को देखते हुए विधायक ने डॉग शेल्टर हाउस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने बिरसा मुंडा टाउन हॉल के पास स्थित डॉग कैनल परिसर को ‘जन सेवा संघ ट्रस्ट’ को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव भी रखा, ताकि आवारा कुत्तों के प्रबंधन और घायल पशुओं के उपचार की बेहतर व्यवस्था हो सके।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कई मामलों में तत्काल अधिकारियों से संपर्क कर समाधान का प्रयास किया और अन्य समस्याओं का भी जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव भी उपस्थित थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !