Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-04

Hazaribagh Big News: हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन, रामनवमी जुलूस में हुई हत्याओं का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, चाइनीज हथियार बरामद

Hazaribagh Big News: हजारीबाग शहर में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान आस्था की आड़ में हुई अभिषेक कुमार की बर्बर हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. 29 मार्च की रात झंडा चौक के पास गाड़ी खाना क्लब के जुलूस में लाठी-डंडों और हथियारों के प्रदर्शन के बीच अभिषेक की जान ले ली गई थी. पुलिस द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 5 हत्यारोपियों को धर-दबोचा है. गिरफ्तार आरोपियों में श्याम, आदित्य, ऋषि, समीर और धनबाद में छिपकर रह रहा विजय विनायक शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से कत्ल में इस्तेमाल की गई तलवार और खतरनाक चाइनीज चाकू भी बरामद कर लिया है.

जुलूस में घुसने को लेकर उपजे मामूली विवाद पर उतारा मौत के घाट
पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए जो खुलासा किया है, वह बेहद चौंकाने वाला है. आरोपियों ने बताया कि जुलूस में शामिल अधिकांश हुड़दंगियों ने शराब और गांजे का अत्यधिक सेवन कर रखा था. इसी नशे की हालत में जब वे लाठी और तलवारबाजी का प्रदर्शन कर रहे थे, तभी सिर पर मुरैठा (पगड़ी) बांधे अभिषेक नाम का युवक अनजाने में उनके जुलूस के बीच घुस गया. उसे रोकने पर मामूली बहस हुई और नशे में धुत आरोपियों ने उग्र होकर उस पर लात, घूंसों, लाठी, तलवार और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. लहूलुहान अभिषेक को वहीं तड़पता छोड़ आरोपी जुलूस में नाचते और हथियारों का भौंडा प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ गए थे.

को ऑपरेटिव कॉलोनी में मुकेश सिंह पर हुए जानलेवा हमले का खुलासा
हजारीबाग पुलिस ने रामनवमी के ही दौरान कोर्रा थाना क्षेत्र के दीपूगढ़ा में हुई एक अन्य हिंसक वारदात की गुत्थी भी सुलझा ली है. 27 मार्च की रात नवमी की शोभायात्रा के दौरान ऑपरेटिव कॉलोनी निवासी मुकेश सिंह पर आपसी रंजिश और पुराने विवाद को लेकर जानलेवा हमला किया गया था. आरोपी राजू थोथा उर्फ प्रणय कुमार ने मुकेश के पेट में सरेआम चाकू घोंप दिया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजू थोथा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना हुआ तेज धारदार भुजाली (हथियार) भी बरामद कर लिया है.

गदोखर में रामकुमार साव हत्याकांड के तीन शूटर भी चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस ने अपनी तीसरी बड़ी कामयाबी में पेलावल ओपी क्षेत्र के गदोखर गांव में 28 मार्च की रात रामनवमी जुलूस के दौरान हुई रामकुमार साव की हत्या का भी पूरा सच सामने ला दिया है. वहां रात के सन्नाटे में निकाली जा रही शांतिपूर्ण शोभायात्रा के दौरान गदोखर के ही दबंगों ने साजिश के तहत रामकुमार साव पर भुजाली से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी. पुलिस की स्पेशल टीम ने रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर भागने की फिराक में लगे मुख्य आरोपी करण कुमार यादव और नितेश कुमार यादव को दबोच लिया, जबकि उनके एक अन्य फरार साथी अरुण यादव को भी बाद में गिरफ्तार कर लिया गया है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !