Seraikela News: झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक ने शनिवार को सरायकेला व्यवहार न्यायालय का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने अदालत परिसर की आधारभूत सुविधाओं और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
न्यायालय पहुंचने पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामशंकर सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया. वहीं स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया.
निरीक्षण के क्रम में मुख्य न्यायाधीश ने न्यायालय के अलग-अलग विभागों का अवलोकन किया और न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों के निपटारे की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने स्वच्छता, ई-कोर्ट प्रणाली और रिकॉर्ड रूम के बेहतर रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए.
इससे पूर्व जिले में आगमन पर सर्किट हाउस में जिला प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस मौके पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
दौरे के दौरान जिला बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात की. अधिवक्ताओं ने कोर्ट भवन को शहर से बाहर स्थानांतरित नहीं करने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे आम लोगों और वकीलों को कठिनाई होगी. इस पर मुख्य न्यायाधीश ने न्यायिक सेवाओं को आम नागरिकों के लिए सुलभ बनाए रखने पर जोर दिया.