Jamshedpur News: जमशेदपुर में विद्यार्थियों, युवाओं और आम लोगों के लिए दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी अब शुरू कर दी गई है। यह लाइब्रेरी साकची स्थित स्ट्रेट माइल रोड TMH क्लिनिक के पास दिनशाव मेमोरियल म्युनिसिपल भवन में स्थित है। लाइब्रेरी रोज सुबह 8 बजे से रात के बजे तक खुली रहती है।
आधुनिक सुविधाओं के साथ और किफायती शुल्क
यहां पढ़ने के लिए शांत माहौल और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। करीब 8 हजार अलग-अलग विषयों की पुस्तकें यहां मौजूद हैं, जिससे हर उम्र के लोगों को फायदा मिलेगा।
लाइब्रेरी की सदस्यता के लिए एक बार का पंजीकरण शुल्क देना अनिवार्य होगा, जिसमें 6 से 15 साल के बच्चों के लिए ₹100, 16 से 25 साल के छात्रों के लिए ₹300, 26 से 60 साल के वयस्कों के लिए ₹500 और 60 साल से ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए ₹100 शुल्क रखा गया है। दिव्यांगजनों के लिए सदस्यता पूरी तरह मुफ्त होगी।
रजिस्ट्रेशन के लिए QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या फिर पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ सीधे लाइब्रेरी जाकर भी सदस्य बन सकते है। अब लाइब्रेरी में बुक इश्यू की सुविधा भी शुरू हो गई है, जिससे सदस्य किताबें घर ले जाकर आराम से पढ़ सकते हैं।
हर वर्ग के लिए किफायती बुक इश्यू शुल्क और दिव्यांगजनों को पूरी छूट मिलेगी
किताब घर ले जाने के लिए अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार शुल्क तय किया गया है—बच्चों के लिए ₹50 मासिक, ₹120 तीन महीने और ₹550 सालाना, छात्रों के लिए ₹100, ₹270 और ₹1100, वयस्कों के लिए ₹150, ₹420 और ₹1700, वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए ₹120, ₹330 और ₹1300 शुल्क रखा गया है। दिव्यांगजनों के लिए यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त है।
उपायुक्त ने लाइब्रेरी को ज्ञान और पढ़ाई के लिए बताया बाड़ी पहल
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि इस लाइब्रेरी से शहर में पढ़ाई और ज्ञान का माहौल और बेहतर होगा। उन्होंने इसे विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए एक अच्छा कदम बताया है।