Jamshedpur News: जमशेदपुर में बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी से होने वाली बीमारियों के प्रति सतर्कता बढ़ा दी है. स्वास्थ्य मुख्यालय की ओर से सभी अस्पतालों और नर्सिंग होम को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि संभावित मरीजों को समय पर उपचार मिल सके.
विभाग ने हीट स्ट्रोक और मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर विशेष तैयारियां करने को कहा है. साथ ही सर्विलांस टीम को अस्पतालों की व्यवस्था और मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया है, ताकि लोग दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें.
इन दिनों तापमान 37 डिग्री के पार पहुंचने से मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. एमजीएम और सदर अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें दस्त, उल्टी, बुखार, सिरदर्द और त्वचा संबंधी समस्याएं प्रमुख हैं.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की जा रही है. सदर अस्पताल में ओआरएस कॉर्नर स्थापित करने की तैयारी है, जबकि इमरजेंसी और वार्ड में कूलर लगाने की योजना बनाई गई है. इसके अलावा अनुमंडल अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को दवाइयां, सलाइन, ओआरएस और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं. गंभीर मरीजों के लिए अतिरिक्त बेड भी सुरक्षित रखने को कहा गया है.
विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. गर्मी से बचने के लिए हल्के कपड़े पहनने, पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने, छाता या टोपी का उपयोग करने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी गई है. साथ ही खाली पेट धूप में न निकलने और ताजा भोजन करने पर जोर दिया गया है.