Jamshedpur News: आजादनगर थाना क्षेत्र में 1 अप्रैल की रात करीब उस समय हड़कंप मच गया, जब ओल्ड पुरूलिया रोड स्थित गंगौर स्वीट्स के सामने एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। घटना का विरोध करने पर आरोपी ने लोगों में दहशत फैलाने के लिए देशी कट्टा लहराया और अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शेख सारिक ईमाम उर्फ आयान अपनी पत्नी के साथ विवाद के दौरान मारपीट कर रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने जब इसका विरोध किया, तो उसने हथियार निकालकर लोगों को डराने की कोशिश की और अपने दोस्त सलमान के साथ मौके से भाग निकला।
विशेष टीम ने छापेमारी कर दोनों अपराधियों को हिरासत में लिया
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने लगातार छापेमारी शुरू की।
इसी क्रम में 2 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओल्ड पुरूलिया रोड संख्या-15 नाला के पास छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने शेख सारिक ईमाम उर्फ आयान के पास से एक देशी कट्टा तथा मो. सलमान के पास से एक जिंदा गोली बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।