Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टुइलाडुंगरी बजरंग नगर में बुधवार की शाम सरेराह खून-खराबा करने वाले मुख्य आरोपी सन्नी चौधरी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। वह केबल टाउन डीएस फ्लैट का निवासी बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि बुधवार की शाम सन्नी चौधरी और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश में टुइलाडुंगरी के रहने वाले 29 वर्षीय आकाश सिंह पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में चापड़ लगने से आकाश का पेट फट गया था और उसकी आंतें बाहर आ गई थीं, साथ ही सिर और पीठ पर भी गहरे जख्म हुए थे। गंभीर हालत में आकाश को टीएमएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इस खूनी वारदात के तुरंत बाद बदले की एक और समानांतर कहानी लिखी गई। जब आकाश के साथी सन्नी चौधरी को मारने के लिए ढूंढ रहे थे और वह हाथ नहीं लगा, तो आक्रोशित साथियों ने टुइलाडुंगरी के पास ही सन्नी के 49 वर्षीय ससुर प्रकाश सिंह बंटी पर धारदार हथियार से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। घायल प्रकाश सिंह को उनकी पत्नी ने एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया था। प्रकाश सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी ने सन्नी चौधरी से लव मैरिज की है और दामाद के कारनामों की सजा उन्हें भुगतनी पड़ी।
एक ही शाम में हुए इस दोहरे हिंसक घटनाक्रम के बाद गोलमुरी थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सन्नी चौधरी को दबोच लिया है और इस वारदात में शामिल अन्य फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।