Ranchi Police: राजधानी रांची में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है. विधानसभा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाल बिछाकर दो शातिर अपराधियों को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, अवैध हथियार और लाखों रुपये कैश के साथ रंगे हाथों दबोच लिया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धुर्वा के दहु टोली स्थित एक मकान में नशे का बड़ा खेल चल रहा है. इस पर हटिया डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने रात करीब 2:20 बजे श्वेता कुजूर के किराए के मकान में औचक दबिश दी, जहां से दो लड़कों को हिरासत में लिया गया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरविन्द कुमार (सुखदेवनगर, रांची) और हरिश उरांव (मांडर, हाल पता- दहुटोली) के रूप में हुई है.
थार गाड़ी और कमरे से 397 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए. आरोपियों के पास से अलग-अलग पुड़ियों और डिब्बों में कुल 397 ग्राम कीमती ब्राउन शुगर बरामद की गई. हैरानी की बात यह है कि कमरे से बरामदगी के अलावा, घर के बाहर खड़ी एक काले रंग की लग्जरी “महिन्द्रा थार” गाड़ी की जब सघन तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से भी कागज की 500 पुड़ियों में पैक 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.
अवैध पिस्तौल, 4.51 लाख कैश और आईफोन भी जब्त
पुलिस ने अपराधियों के पास से नशे के काले कारोबार के अलावा अवैध हथियारों का जखीरा और बड़ी मात्रा में काली कमाई का कैश भी बरामद किया है. आरोपियों के पास से 1 लोडेड देशी पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस मिले हैं. इसके साथ ही मौके से 4,51,550 रुपये की नकद राशि (कैश), ड्रग्स तौलने वाली 3 डिजिटल तराजू, 1 एटीएम कार्ड, 2 महंगे आईफोन (iPhone) और 1 सैमसंग का मोबाइल फोन विधिवत जब्त किया गया है. पुलिस अब इन मोबाइल्स को खंगाल रही है ताकि ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अन्य बड़े चेहरों का पता लगाया जा सके.
रांची पुलिस ने इस पूरी जब्ती और गिरफ्तारी के बाद विधानसभा थाना में मामला दर्ज किया है. आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.