Jamshedpur Road Accident: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत बारीडीह विजया गार्डन गेट नंबर 1 के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ. प्राइवेट जॉब करने वाला अभिषेक डे नामक युवक अपनी नाइट ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहा था. महीने की आखिरी तारीख होने के कारण वह देर रात तक काम करके वापस आ रहा था, तभी विपरीत दिशा से लोहे के सरिया से लदा एक अनियंत्रित ट्रेलर गुजरा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर ने एकाएक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और अभिषेक को बेरहमी से कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेलर चालक गाड़ी को बीच सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया. ट्रेलर का नंबर JH 02 BN 8449 बताया जा रहा है. जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत घटना स्थल पर जुटे. लोगों ने देखा कि युवक लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था और उसकी सांसें थम चुकी थीं. स्थानीय निवासियों ने बिना देर किए मामले की सूचना बिरसानगर थाना पुलिस को दी.
पुलिस ने परिजनों को दी सूचना, पसरा मातम
सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने मृतक के परिजनों की पहचान की और उन्हें इस हृदयविदारक घटना की जानकारी दी. आधी रात को घर के कमाऊ बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
प्रशासनिक जांच और आरोपी की तलाश जारी
जमशेदपुर पुलिस ने दुर्घटना का कारण बने सरिया लदे ट्रेलर को जब्त कर लिया है और थाने ले आई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गाड़ी नंबर के आधार पर ट्रेलर के मालिक और फरार चालक का पता लगाया जा रहा है. प्रशासन ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर फरार आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.