JEE Mains Exam Scam: रामगढ़ में राष्ट्रीय स्तर की जेईई मेंस परीक्षा में गड़बड़ी के खुलासे के बाद जिले में जांच तेज कर दी गई है. अनुमंडल पदाधिकारी ने मामले की जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए राज्य सरकार, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज को भेजा गया है.
जांच में सामने आया है कि राधा गोविंद यूनिवर्सिटी में 2 से 8 अप्रैल के बीच होने वाली परीक्षा के दौरान कंप्यूटर सिस्टम में हेरफेर की योजना बनाई गई थी. आरोप है कि कुछ कर्मचारियों और तकनीकी स्टाफ की मिलीभगत से चयनित अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने की तैयारी थी.
मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. साथ ही करीब 70 कंप्यूटर सेट और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं. अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.
प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस रैकेट का संबंध झारखंड और बिहार से जुड़ा हो सकता है. परीक्षा के दौरान कुल 1600 परीक्षार्थियों के शामिल होने की योजना थी, जिसमें से करीब 500 अभ्यर्थियों को पास कराने का दावा किया जा रहा था. इसके लिए अभिभावकों से मोटी रकम तय की गई थी.
सूत्रों के अनुसार, हर दिन करीब 70 परीक्षार्थियों को पास कराने का लक्ष्य रखा गया था. इसके लिए कंप्यूटर के सीपीयू और हार्ड डिस्क में बदलाव कर परीक्षा के दौरान उत्तर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही थी.
हालांकि समय रहते यूनिवर्सिटी प्रबंधन और पुलिस की सक्रियता से इस पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया. पुलिस अब अभिभावकों और अन्य संदिग्ध लोगों की सूची खंगाल रही है. रामगढ़ एसपी स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है.