Giridih Road Accident: गिरिडीह जिले के पचंबा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. शादी समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, मृतक की पहचान नवादा (बिहा) निवासी समीर के रूप मे हुई है, जबकि चार लोग घायल हो गए.
तेज रफ्तार में बिगड़ा संतुलन
मिली जानकारी के अनुसार, वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर बिजली के पोल से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
पीछा किए जाने के शक में बढ़ाई गई रफ्तार
बताया जा रहा है कि सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन की हरकतों से स्कॉर्पियो सवार लोगों को संदेह हुआ.
इस आशंका के चलते चालक ने गाड़ी की गति बढ़ा दी, लेकिन नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया.
एक की मौत, चार घायल
इस दुर्घटना में नवादा निवासी समीर की मौके पर ही जान चली गई. वहीं सद्दाब, तौफिक, सब्बीर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए. घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेजा गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है.
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और घबराहट में लिए गए फैसलों के खतरनाक परिणाम को दर्शाता है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.