Paper Leak Case: JSSC CGL पेपर लीक मामले में एक नया घटनाक्रम सामने आया है. कांड संख्या 02/2025 के तहत आरोपी ASO संतोष कुमार मस्ताना ने रांची स्थित CID कोर्ट में डिस्चार्ज याचिका दाखिल की है. इस पर अगली सुनवाई 10 अप्रैल को तय की गई है.
इस मामले में सक्रिय रूप से आवाज उठाने वाले कुणाल प्रताप सिंह की जमानत याचिका अब तक लंबित है. जहां संतोष कुमार मस्ताना को पहले ही जमानत मिल चुकी है, वहीं कुणाल प्रताप को अभी राहत नहीं मिल पाई है. हालांकि, झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस गौतम चौधरी की अदालत से उन्हें 28 जनवरी को नो कोआर्सिव का संरक्षण मिला है, जिसके चलते फिलहाल उनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा सकती.
CID ने दोनों पर JSSC CGL परीक्षा से जुड़ी झूठी अफवाह फैलाने और आयोग की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है. इस मामले में संतोष कुमार मस्ताना को 28 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था. वहीं कुणाल प्रताप सिंह के खिलाफ 22 दिसंबर को कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ, जिसके बाद उसी दिन दिल्ली स्थित उनके होटल और धनबाद स्थित आवास पर छापेमारी की गई.
CID की ओर से अब तक कुणाल प्रताप सिंह को 12 बार समन भेजा जा चुका है. इधर, इस चर्चित मामले में कथित मास्टरमाइंड अनीश समेत अधिकांश आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है.
वहीं झारखंड हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश की पीठ ने मामले की जांच छह महीने के भीतर पूरी कर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है. ऐसे में अब अगली सुनवाई और जांच रिपोर्ट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.