Gumla News: झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के छिछवानी गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई. इस वारदात से पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया है. 47 वर्षीय राजेंद्र कुमार मिंज की गांव के ही एक व्यक्ति ने लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी.
प्रेम संबंध को लेकर हुआ विवाद, मारपीट में बदला मामला
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक राजेंद्र कुमार मिंज और आरोपी कामिल टोप्पो के बीच एक शादीशुदा महिला को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. यह विवाद समय के साथ गहराता गया. मंगलवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई. इसी दौरान आरोपी ने राजेंद्र के सिर पर लाठी से जोरदार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद गांव में तनाव, पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा. मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक के परिजनों ने बताया कि जिस महिला को लेकर विवाद हुआ, वह पहले से विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं, जबकि मृतक के भी तीन बच्चे हैं. घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कामिल टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया है. थाना प्रभारी के अनुसार, शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग ही हत्या की मुख्य वजह सामने आई है. हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.