Jamshedpur: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस दो आरोपियों को पकड़कर जेल भेज चुकी थी। ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आयान, फरदीन खान, शाहिद और फैज उर्फ फैजू शामिल हैं।
पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया खून लगा चापड़, कपड़े, एक स्कूटी और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
दोस्ती और सुलह के बहाने बुलाकर किया गया हमला
बता दें कि पूरी घटना 24 मार्च की बताई जा रही है, जब हुडको स्थित थीम पार्क के पास आदर्श कुमार सिंह नामक युवक पर हमला किया गया। घायल आदर्श का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां उसका बयान भी दर्ज किया गया है।
उसने पुलिस को बताया कि उसे फोन कर विवाद सुलझाने के बहाने बुलाया गया था। जब वह अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा, तो पहले से मौजूद आरोपियों ने घात लगाकर हमला कर दिया।
मुख्य आरोपी आयान ने पीछे से उसकी गर्दन पर चापड़ से वार किया, जिसके बाद अन्य हमलावरों ने भी धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आ रहा मामला
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का विवाद हो सकता है। बताया जा रहा है कि घायल युवक एक युवती से एकतरफा प्रेम करता था, जिसे लेकर विवाद बढ़ा। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवती की सीधी संलिप्तता अब तक स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन उससे पूछताछ की जा रही है।
इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों और अखाड़ा समितियों में आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।
जांच जारी, बाकी आरोपियों की तलाश
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस हमले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।