Jamshedpur: मानगो इलाके में आजादनगर रोड नंबर-1 स्थित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की दुकान पर अव्यवस्था का माहौल देखने को मिला। राशन लेने पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि केंद्र पर भीड़ बढ़ने के साथ ही व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है और किसी तरह का प्रबंधन नहीं किया जाता।
कर्मचारियों के व्यवहार पर गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र पर मौजूद कर्मचारी न केवल लोगों से ठीक तरीके से पेश नहीं आते, बल्कि भीड़ को हटाने के दौरान अभद्र व्यवहार करते हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार उन्हें वहां से हटाने के लिए लाठी-डंडे का इस्तेमाल किया जाता है और उनके वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया जाता है।
लंबा इंतजार और राशन न मिलने से नाराजगी
राशन लेने आए लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। सोमवार को भी बड़ी संख्या में लोग केंद्र पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बताया गया कि सभी को राशन उपलब्ध नहीं हो पाएगा।
इस सूचना के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
मामले की जानकारी मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और किसी तरह माहौल को नियंत्रित किया।
सुधार की मांग तेज
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि राशन वितरण केंद्र पर उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े और इस तरह के विवाद दोबारा न हों।