Free NEET UG Coaching: झारखंड के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची ने राज्य के मेधावी लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए एक शानदार पहल की है. रिम्स की ओर से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए पूरी तरह निःशुल्क कोचिंग शुरू की जा रही है. इस विशेष योजना के तहत झारखंड राज्य के इच्छुक और योग्य छात्र-छात्राओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. रिम्स प्रबंधन की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस कोचिंग का उद्देश्य प्रतिभावान छात्रों को सही दिशा दिखाना है.
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर सिर्फ 30 सीटों पर होगा चयन
रिम्स प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस क्रैश कोर्स या कोचिंग बैच में अधिकतम 30 छात्र-छात्राओं का ही चयन किया जाएगा. सीटों का यह आवंटन "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर होगा, इसलिए छात्रों को समय पर आवेदन करना होगा. इस कोचिंग की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पढ़ने वाले बच्चों को मार्गदर्शन खुद रिम्स में पढ़ रहे एमबीबीएस के सीनियर छात्र देंगे. चूंकि ये छात्र खुद इस कठिन परीक्षा को पास करके यहां तक पहुंचे हैं, इसलिए प्रतिभागियों को सीधे तौर पर उनके अनुभव और बेहतर स्ट्रेटेजी का सीधा लाभ मिल सकेगा.
झारखंड के सरकारी स्कूल के बच्चे ही कर सकेंगे आवेदन
इस निःशुल्क कोचिंग का लाभ उठाने के लिए रिम्स प्रबंधन ने कुछ कड़े और जरूरी मापदंड भी तय किए हैं. आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का झारखंड का मूल या स्थानीय निवासी होना अनिवार्य है. इसके साथ ही, सबसे बड़ी शर्त यह है कि आवेदक को झारखंड राज्य के ही किसी सरकारी विद्यालय का छात्र या छात्रा होना चाहिए. निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे. चयनित होने वाले छात्र-छात्राओं को रिम्स परिसर के भीतर ही निर्धारित स्थान पर कक्षाएं दी जाएंगी ताकि वे मेडिकल कॉलेज के माहौल को भी करीब से महसूस कर सकें.
रहने-खाने का खर्च खुद उठाना होगा, 6 अप्रैल को सुबह 9 बजे से खुलेंगे पोर्टल
हालांकि, रिम्स प्रबंधन ने अपनी गाइडलाइन में यह साफ कर दिया है कि चयनित छात्रों को सिर्फ निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी. उनके रहने और खाने की व्यवस्था छात्रों को स्वयं अपने स्तर पर ही करनी होगी. इसके अलावा कोचिंग की अवधि के दौरान संस्थान की ओर से किसी प्रकार की छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) या यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा. इच्छुक और योग्य छात्र-छात्राएं रिम्स की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक या क्यूआर कोड के माध्यम से 6 अप्रैल 2026 की सुबह 9:00 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.