New Webseries Update: डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई और रोमांचक वेब सीरीज की भरमार है. इसी कड़ी में प्राइम वीडियो लेकर आ रहा है मटका किंग, जो 17 अप्रैल से भारत और दुनिया के 240 देशों में स्ट्रीम होगी. यह सीरीज 1960 के दशक के बॉम्बे की पृष्ठभूमि में आधारित है और उस समय के बदलते समाज और कारोबार की झलक पेश करती है.
1960 का बॉम्बे और मटका का उदय
मटका किंग की कहानी 1960 के बॉम्बे पर केंद्रित है, जब शहर तेजी से बदल रहा था. उसी समय एक महत्वाकांक्षी कपास व्यापारी ने मटका नामक जुए की प्रणाली शुरू की. यह खेल अमीर लोगो से धीरे-धीरे आम लोगों तक पहुँचता है और एक बड़े नेटवर्क का रूप ले लेता है. सीरीज में दिखाया गया है कि कैसे यह खेल सिर्फ पैसा कमाने का जरिया नहीं बल्कि सामाजिक पहचान और सत्ता का माध्यम बन जाता है.
विजय वर्मा का किरदार
मुख्य भूमिका में विजय वर्मा ब्रिज भट्टी का किरदार निभा रहे हैं. ब्रिज भट्टी एक महत्वाकांक्षी और जुनूनी व्यक्ति है जो समाज में अपनी पहचान बनाने के लिए हर संभव प्रयास करता है. उसका यह सफर उसे पैसा, ताकत और शोहरत तो देता है, लेकिन साथ ही कई खतरनाक परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.
स्टारकास्ट और निर्देशन
सीरीज में विजय वर्मा के अलावा कृतिका कामरा, साईं ताम्हणकर, सिद्धार्थ जाधव और गुलशन ग्रोवर जैसे कलाकार नजर आएंगे. इसके अलावा कई अनुभवी कलाकार भी कहानी को मजबूती और प्रामाणिकता देते हैं. मटका किंग का निर्देशन नागराज मंजुले ने किया है जबकि कहानी अभय कोरान्ने ने लिखी है. प्रोडक्शन की जिम्मेदारी सिद्धार्थ रॉय कपूर संभाल रहे हैं.
कहानी का यूनिक अंदाज और भव्य पैमाना
सिद्धार्थ रॉय कपूर के अनुसार मटका किंग की सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा विचार और बड़े पैमाने पर प्रस्तुत करना है. भले ही कहानी पुराने बॉम्बे पर आधारित है, लेकिन इसमें दिखाए गए संघर्ष, रिश्ते और भावनाएं आज के दर्शकों के लिए भी प्रासंगिक हैं. यह सीरीज सिर्फ मनोरंजन ही नहीं बल्कि 1960 के बॉम्बे की बदलती दुनिया की झलक भी दिखाएगी.