Jharkhand News: झींकपानी थाना इलाके के बेटेया गांव से एक दुखद घटना सामने आई है। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली 18 साल की छात्रा बंकी बुडीउली की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गुरुवार सुबह उसका शव गांव के पास एक पेड़ से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घर लौटने के बाद संदिग्ध हालात में मिली छात्रा का शव
परिवार वालों ने बताया कि बंकी दो दिन पहले ही हॉस्टल से घर आई थी। बुधवार रात घर के सभी लोग एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए हुए थे। सुबह जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि बेटी का शव पेड़ से लटका हुआ है। इकलौती बेटी को खोने से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
गांव वालों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। झींकपानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रेम प्रसंग का शक, रिपोर्ट के बाद ही होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है, लेकिन असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दुख का माहौल है।