Jamshedpur: कदमा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक पर जबरन घर में प्रवेश कर मारपीट करने का आरोप लगा है। भाटिया बस्ती निवासी सुरिदि सेन ने इस संबंध में कदमा थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
दोपहर में घटना, कई लोगों के साथ पहुंचे आरोपी
शिकायतकर्ता के अनुसार, 24 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी जीतेंद्र ठाकुर करीब 10 लोगों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे। इस दौरान परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई।
हथियार दिखाकर धमकाने का भी आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने हथियार के बल पर उन्हें डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे परिवार लगातार भय के साये में जी रहा है।
प्रशासन पर प्रभाव का दावा, पहले की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं
सुरिदि सेन ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली बताता है और कहता है कि प्रशासन उस पर कोई कार्रवाई नहीं कर सकता। पीड़िता का आरोप है कि पूर्व में भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सीसीटीवी फुटेज सौंपा, जांच में जुटी पुलिस
घटना के समर्थन में पीड़िता ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है। कदमा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।