Ranchi: रांची में रामनवमी पर्व के मद्देनजर झांकियों, भव्य शोभायात्रा और चैती दुर्गा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने 26 मार्च से 28 मार्च 2026 तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी है। इस दौरान शहर के कई प्रमुख इलाकों में यातायात पर रोक और रूट डायवर्जन रहेगा।
26 मार्च को झांकियों के कारण बदलाव
26 मार्च को निकलने वाली झांकियों के दौरान शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इन वाहनों को रिंग रोड के जरिए डायवर्ट किया जाएगा। वहीं शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक छोटे मालवाहक वाहन भी नहीं चल सकेंगे। इसके अलावा शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके जैसे किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, महावीर मंदिर चौक, शहीद चौक और सुजाता चौक में ऑटो, टोटो और बसों के संचालन पर रोक रहेगी।
27 मार्च को शोभायात्रा के दौरान सख्ती
रामनवमी के मुख्य दिन 27 मार्च को सुबह 8 बजे से 28 मार्च की सुबह 4 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। दोपहर 12:30 बजे से रात 12:30 बजे तक छोटे वाहनों का परिचालन भी बंद रहेगा। वहीं दोपहर 1 बजे से जुलूस समाप्त होने तक कई प्रमुख सड़कों पर आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी जाएगी।
कई प्रमुख मार्गों को बनाया गया नो-एंट्री जोन
शोभायात्रा के दौरान किशोरी यादव चौक से अपर बाजार, महावीर मंदिर चौक, एसएसपी आवास से कचहरी चौक, शहीद चौक, सर्कुलर रोड, जेल चौक, जाकिर हुसैन पार्क, कमिश्नर चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सुजाता चौक, पिस्का मोड़ और रातू रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।
28 मार्च को विसर्जन के दिन भी रहेगी पाबंदी
चैती दुर्गा विसर्जन के चलते 28 मार्च को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जुलूस के मार्ग के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा, ताकि व्यवस्था बनी रहे।
लोगों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से परहेज करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।