Govindpur News: जमशेदपुर के गोविंदपुर क्षेत्र में जलापूर्ति योजना पूरी तरह ठप हो जाने से लोगों को भीषण पानी संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने उठाई टैंकर से जलापूर्ति की मांग
प्राप्त जानकारी के अनुसार गर्मी का मौसम शुरू होते ही पानी की किल्लत और बढ़ गई है। वहीं, रामनवमी, चैती छठ और सरहुल जैसे प्रमुख पर्व-त्योहारों के नजदीक आने से स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। गोविंदपुर जलापूर्ति योजना बंद रहने के कारण क्षेत्र के 21 पंचायतों में हाहाकार मचा हुआ है और लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि कई दिनों से नल जल योजना ठप पड़ी है, जिससे दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों के जरिए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और खराब पड़ी जलापूर्ति योजना को जल्द से जल्द चालू कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।