Ranchi News: राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टीटोस रेस्टोरेंट में हुई सनसनीखेज गोलीबारी और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के दो करीबी सहयोगियों अमन सिंह उर्फ कुबेर और अफजल अमन उर्फ बाबर को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने का आदेश दिया गया.
धनबाद में मुठभेड़ के बाद हुए थे गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, इन दोनों अपराधियों को 16 मार्च को धनबाद के भागाबांध इलाके में गिरफ्तार किया गया था. उस दौरान रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की थी. पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में तीन अपराधी घायल हो गए थे. घायल अपराधियों में अमन सिंह उर्फ कुबेर, अफजल अमन उर्फ बाबर और विक्की डोम शामिल थे.
इलाज के बाद भेजे गए जेल
मुठभेड़ में घायल होने के बाद तीनों आरोपियों को इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था. रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रांची की एयरपोर्ट थाना पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी की और कड़ी सुरक्षा के बीच कुबेर और बाबर को रांची लेकर आई. सोमवार को दोनों से कई घंटों तक पूछताछ की गई. इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. वहीं तीसरे आरोपी विक्की डोम को धनबाद पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपियों को जल्द ही रिमांड पर लिया जाएगा. रिमांड के दौरान टीटोस रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी और हत्या की घटना के पीछे की पूरी साजिश, गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क और इस घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में विस्तृत पूछताछ की जाएगी.