Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नौका बिहार में सोमवार रात करीब 8:30 बजे जंगल से अचानक एक जंगली हाथी पहुंच गया. हाथी के अचानक वहां पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पर्यटक व दुकानदार डर के कारण सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे.
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी के क्षेत्र में आने की सूचना पहले ही वन विभाग को दे दी गई थी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. हालांकि इस दौरान हाथी ने किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया.
पर्यटन स्थल पर मची अफरा-तफरी
नौका बिहार में हर दिन झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार से बड़ी संख्या में पर्यटक बोटिंग और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं. ऐसे में हाथी के अचानक पहुंचने से वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया। कई पर्यटक और दुकानदार अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.
हाथियों के पलायन से ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
इधर जानकारी मिली है कि दलमा सेंचुरी गज परियोजना क्षेत्र से हाथियों का एक झुंड ईचागढ़ की ओर पलायन कर गया है. इसके कारण आसपास के गांवों में लोगों के बीच भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है.
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मानव-हाथी संघर्ष को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है. वहीं वन विभाग की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है. ग्रामीणों ने विभाग से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी घटना को टाला जा सके.