Ranchi News: रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा विसर्जन को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. त्योहार के दौरान भीड़ और शोभायात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. 26 और 27 मार्च को रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा, जबकि 28 मार्च को चैती दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. इस दौरान कई सड़कों पर वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी और कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा.
26 मार्च की शाम से भारी वाहनों पर रोक
प्रशासन के निर्देशानुसार 26 मार्च की शाम 4 बजे से 27 मार्च की सुबह 6 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. इस दौरान सभी बड़े वाहनों को रिंग रोड के रास्ते से ही गुजरना होगा. वहीं छोटे मालवाहक वाहनों का परिचालन शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक बंद रहेगा.
कई प्रमुख इलाकों में सामान्य वाहनों का प्रवेश बंद
त्योहार के मद्देनजर किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, महावीर मंदिर, शहीद चौक और सुजाता चौक सहित आसपास के इलाकों में ऑटो, टोटो, बस और अन्य वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगाई जाएगी.
27 मार्च को शोभायात्रा के दौरान विशेष व्यवस्था
27 मार्च को रामनवमी की शोभायात्रा को देखते हुए सुबह 8 बजे से 28 मार्च की सुबह 4 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा. वहीं दोपहर 12:30 बजे से रात 12:30 बजे तक छोटे मालवाहक वाहन, ऑटो और टोटो भी शहर के कई हिस्सों में नहीं चल सकेंगे.
इसके अलावा दोपहर 1 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा. इनमें किशोरी यादव चौक से महावीर मंदिर, शहीद चौक, सुभाष चौक, कचहरी चौक, जेल चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, प्लाजा चौक, पुरुलिया रोड, मेन रोड, चुटिया बाजार, सुजाता चौक और रातू रोड जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं. इन रास्तों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को अन्य मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा.
28 मार्च को विसर्जन के दिन भी ट्रैफिक कंट्रोल
28 मार्च को चैती दुर्गा विसर्जन के दिन सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. सभी बड़े वाहनों को रिंग रोड से होकर गुजरना होगा. वहीं विसर्जन जुलूस के दौरान संबंधित मार्गों पर ट्रैफिक को आवश्यकता के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा.
प्रशासन ने लोगों से की सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जहां संभव हो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. इससे त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सकेगा.