Watermelon Buying Tips: गर्मियों का सबसे पसंदीदा फल तरबूज होता है. इसका मीठा, रसदार और लाल गूदा न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है बल्कि शरीर को भी तरोताजा रखता है. लेकिन सिर्फ ऊपर से देखकर कैसे पहचानें कि तरबूज अंदर से मीठा है या नहीं? आइए जानते हैं कुछ आसान और असरदार टिप्स.
नीचे के हिस्से पर दें ध्यान
तरबूज को पलटकर उसका निचला हिस्सा देखें. अगर वहां क्रीम या हल्का पीला रंग दिखाई दे, तो समझिए तरबूज अच्छी तरह पका हुआ है. वहीं अगर यह हिस्सा सफेद या हरा हो, तो तरबूज कच्चा या कम पका हो सकता है.
थपथपाकर करें जांच
तरबूज को हल्के से थपथपाएं. अगर उससे गूंजदार (हॉलो) आवाज आए, तो वह मीठा और पका हुआ होता है. वहीं अगर आवाज भारी और सुस्त लगे, तो तरबूज अंदर से खराब या कम पका हो सकता है.
साइज के साथ वजन भी देखें
सिर्फ बड़ा आकार देखकर तरबूज न चुनें. कोशिश करें कि अपने साइज के हिसाब से भारी तरबूज लें, क्योंकि ऐसा तरबूज ज्यादा रसदार और पका हुआ होता है.
डंठल से पहचानें ताजगी
तरबूज का डंठल अगर सूखा और भूरा है, तो यह संकेत है कि फल पकने के बाद तोड़ा गया है. लेकिन अगर डंठल हरा है, तो संभव है कि तरबूज पूरी तरह पका न हो.
ज्यादा चमकदार तरबूज से बचें
बहुत ज्यादा चमकदार तरबूज हर बार अच्छा नहीं होता. हल्के मैट (फीके) रंग वाले तरबूज अक्सर ज्यादा मीठे होते हैं. साथ ही, अगर उस पर जाल जैसी लाइनें दिखें, तो वह आमतौर पर स्वाद में बेहतर होता है.
सीधी बात
दुकानदार से तरबूज काटकर दिखाने की जिद हर बार सही नहीं होती, क्योंकि कटने के बाद फल जल्दी खराब हो सकता है. इसलिए बेहतर है कि बाहर से ही पहचानना सीखें.
अगली बार जब बाजार जाएं, तो सिर्फ रंग देखकर तरबूज न खरीदें. इन आसान टिप्स को अपनाएं और सही चुनाव करें ताकि आप भी बन सकें एक स्मार्ट तरबूज खरीदार.