Chakradharpur: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत मुर्गा महादेव रोड स्टेशन के समीप सोमवार दोपहर एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेन के दो वैगन पटरी से उतर गए, जिससे ट्रैक पर यातायात प्रभावित हो गया।
दोनों लाइनें बाधित, ट्रेनों का आवागमन रुका
इस हादसे के बाद अप और डाउन दोनों रेल लाइनें अवरुद्ध हो गई हैं। ट्रैक बाधित होने के कारण इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दोपहर करीब 12 बजे हुई घटना
सूत्रों के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार करीब 12 बजे के आसपास हुई। घटना के तुरंत बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
पहले भी दौरे के दौरान हो चुके हैं हादसे
बताया जा रहा है कि जब-जब अनिल कुमार मिश्रा का चक्रधरपुर रेल मंडल का दौरा हुआ है, उस दौरान इस क्षेत्र में रेल हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले राउरकेला और डोंगवापोशी में भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। एक मामले में तो जीएम का सैलून कोच भी पटरी से उतर गया था।
राहत और मरम्मत कार्य शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की रेस्क्यू टीम और राहत ट्रेन को चक्रधरपुर मुख्यालय और डोंगवापोशी से घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने और परिचालन सामान्य करने में जुटे हैं।
जांच के बाद सामने आएगी वजह
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। रेलवे विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।