Baharagora: बहरागोड़ा के स्वर्णरेखा नदी क्षेत्र में मिले संदिग्ध बम को निष्क्रिय करने के लिए आज इंडियन आर्मी की विशेष टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र को पहले ही संवेदनशील घोषित कर दिया गया था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
ड्रोन से किया गया पूरे इलाके का सर्वे
सेना की टीम ने सबसे पहले ड्रोन के माध्यम से पूरे इलाके का निरीक्षण किया। आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई ताकि किसी भी तरह के संभावित खतरे का पहले आकलन किया जा सके।
खुदाई में मिला एक और संदिग्ध बम
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान उसी स्थान से एक और बम जैसी वस्तु बरामद की गई है, हालांकि उसमें विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई। इसके बाद सेना की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से पूरे इलाके में खुदाई कर गहन जांच शुरू कर दी है।
17 तारीख को मछुआरों को मिला था बम
बताया जा रहा है कि 17 तारीख को कुछ मछुआरे नदी में मछली पकड़ने गए थे, तभी उन्हें सिलेंडर के आकार की एक भारी धातु की वस्तु मिली। पास जाकर देखने पर वह बम जैसा प्रतीत हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पहले STF पहुंची, फिर सेना को बुलाया गया
घटना की जानकारी मिलने के बाद आज रांची STF की टीम मौके पर पहुंची थी। लेकिन बम के सक्रिय होने की आशंका को देखते हुए STF ने इसे और गंभीर मानते हुए भारतीय सेना को सूचना दी।
संवेदनशील घोषित किया गया था पूरा क्षेत्र
बम मिलने के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके को सेंसिटिव जोन घोषित कर दिया था और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
जांच के बाद ही खुलेगा राज
अब सेना की टीम बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने और पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि द्वितीय विश्व युद्ध के समय का यह बम इस इलाके में कैसे पहुंचा और कितने समय से यहां दबा हुआ था।