Tatanagar Station Redevelopment: दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा के टाटानगर आगमन से पहले चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने स्टेशन का सघन निरीक्षण किया. उन्होंने स्टेशन विकास योजना के तहत प्रस्तावित सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी ढांचों की प्रगति का जायजा लिया. डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 23 मार्च को होने वाले जीएम के दौरे से पहले सभी महत्वपूर्ण तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं चाक-चौबंद मिलें.
अवैध कब्जों पर चलेगा बुलडोजर
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने ट्रैफिक कॉलोनी क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क निर्माण की स्थिति देखी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क के बीच आने वाले पुराने रेलवे क्वार्टर, कार्यालय और अवैध कब्जों को जल्द हटाया जाएगा. रेल क्षेत्र के विकास में बाधा बन रहे इन अतिक्रमणों को हटाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. इसके अलावा, उन्होंने बागबेड़ा लाल बिल्डिंग स्थित रेलवे स्कूल में तैयार “मल्टी ट्रेनिंग सेंटर” का भी जायजा लिया, जिसका उद्घाटन जीएम सोमवार को करेंगे.
नई पार्किंग और लाइटिंग पर जोर
डीआरएम ने टाटानगर स्टेशन पर बन रही नई पार्किंग के निर्माण कार्य में तेजी लाने का आदेश दिया ताकि यात्रियों को जल्द सुविधा मिल सके. उन्होंने पोर्टिको, वीआईपी लाइन और हाई मास्ट लाइटों के कामकाज की भी गहन समीक्षा की. अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि स्टेशन की खूबसूरती और सुरक्षा से जुड़ी हर लाइटिंग और निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, जिससे स्टेशन का लुक पूरी तरह आधुनिक नजर आए.
सीनी तक विकास कार्यों की समीक्षा
टाटानगर के बाद डीआरएम ने सीनी सहित अन्य छोटे स्टेशनों का भी रुख किया और वहां चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने रेलवे के विकास कार्यों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया. मंडल रेल प्रबंधक की इस सक्रियता से यह साफ है कि रेलवे अब अपनी संपत्तियों के विस्तार और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है.