Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों के बीच रविवार को सभी मतदान केंद्रों पर "प्री एसआईआर कैंप" का आयोजन किया जा रहा है. इस विशेष शिविर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सभी बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ मौजूद रहेंगे ताकि उन मतदाताओं की मैपिंग की जा सके जिन्होंने अब तक अपनी जानकारी अपडेट नहीं की है. इसके तहत वोटरों को यह साबित करना होगा कि वर्ष 2003 में वे या उनके पूर्वज देश के किस हिस्से में मतदाता के रूप में पंजीकृत थे. जो लोग कल इस प्रक्रिया को पूरा कर लेंगे उन्हें आगामी मुख्य अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की प्रशासनिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
वोटर लिस्ट से नाम कटने का मंडरा रहा खतरा
जिला प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिम जैसे क्षेत्रों में मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है जहां अक्सर मतदान प्रतिशत बेहद कम दर्ज किया जाता है. जिन मतदाताओं की मैपिंग कल नहीं हो पाएगी उन्हें निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा और स्वयं उपस्थित होकर प्रमाण प्रस्तुत करना होगा.
अप्रैल के पहले हफ्ते से शुरू होने वाले इस अभियान के दौरान जो लोग अपने पते पर मौजूद नहीं मिलेंगे उनके नाम वोटर लिस्ट से काट दिए जाएंगे. इस प्रक्रिया से फर्जी या अनुपस्थित वोटरों की छंटनी होगी जिससे शहर पर कम मतदान प्रतिशत का लगा "दाग" मिटने की पूरी उम्मीद है.