Giridih News: गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड अंतर्गत नावाडीह गांव में शनिवार की सुबह एक खौफनाक मंजर सामने आया. पिछले दो दिनों से लापता 19 वर्षीय युवक कृष कुमार का शव उसके ही मामा के घर स्थित कुएं से बरामद किया गया है. मृतक मूल रूप से मिर्जागंज निवासी बंधु पासवान का पुत्र था और अपने ननिहाल में आयोजित एक पूजा कार्यक्रम में हिस्सा लेने आया था. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
लापता होने के बाद कुएं में मिली चप्पल और टोपी
जानकारी के अनुसार कृष बीते 19 मार्च की शाम से अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया था. परिजनों ने उसे हर संभावित जगह पर तलाश किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. शनिवार की सुबह जब परिवार के सदस्य सरिया थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी नजर घर के पास वाले कुएं पर पड़ी. वहां युवक की चप्पल और टोपी तैरती हुई दिखाई दी जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई.
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला शव
अनहोनी के डर से ग्रामीणों ने तुरंत कुएं में "झगड़" (लोहे का कांटा) डालकर तलाश शुरू की जिसमें युवक का शव फंस गया. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत कर शव को बाहर निकाला गया. जैसे ही कृष का बेजान शरीर कुएं से बाहर आया, घर में चीख पुकार मच गई. सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य अनूप कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया.
पुलिस की गहन जांच और अनसुलझे सवाल
सरिया थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गांव में इस मौत को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं कि क्या यह कोई हादसा है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है. फिलहाल पुलिस ने सभी पहलुओं पर अपनी नजर टिका रखी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके.