Kandra Breaking: सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक अज्ञात महिला ने रेलवे ओवरब्रिज से अचानक नीचे छलांग लगा दी जिससे पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई. गनीमत यह रही कि जिस स्थान पर महिला गिरी वहां भारी मात्रा में "कोयला डस्ट" जमा था जिसके कारण उसकी जान बाल-बाल बच गई. हालांकि ऊंचाई से गिरने की वजह से उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं.
स्थानीय लोगों ने दिखाई इंसानियत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए घायल महिला को उठाया और एक ऑटो के जरिए कांड्रा थाना पहुंचाया. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और प्राथमिक जांच के बाद महिला को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला काफी तनाव में दिख रही थी और उसने "खतरनाक कदम" उठाने से पहले काफी देर तक ओवरब्रिज पर चहलकदमी की थी.
कारण बताने से किया इनकार
पुलिस प्रशासन ने अस्पताल में महिला से उसकी पहचान और इस कदम के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया लेकिन उसने कोई भी जानकारी साझा करने से साफ इनकार कर दिया. फिलहाल महिला की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी "शिनाख्त" करने में जुटी है. इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ओवरब्रिज पर सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ती आत्महत्या की कोशिशों को लेकर स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.