Adityapur Encroachment News: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 20 स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य और महिला प्रसव केंद्र इन दिनों सब्जी विक्रेताओं के अवैध कब्जे की चपेट में है. स्वास्थ्य केंद्र के चारों तरफ सब्जी विक्रेताओं का कब्जा होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. यह स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे प्रसव सेवाओं और बच्चों के टीकाकरण के लिए संचालित होता है लेकिन अतिक्रमण ने यहां की व्यवस्था को पूरी तरह से बाधित कर दिया है.
मुख्य द्वार को बना दिया "कचरा डंपिंग यार्ड"
स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार को "कचरा डंपिंग यार्ड" बना दिया गया है जिससे चारों तरफ दुर्गंध और महामारी का खतरा मंडराने लगा है. अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस को भी स्वास्थ्य केंद्र परिसर तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है. गंदगी के कारण भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है और संक्रमण फैलने का डर बना हुआ है.
सब्जी विक्रेताओं को हटाने की कोशिश करने पर कर्मचारियों को मिलती है धमकी
स्वास्थ्य केंद्र के कर्मियों का आरोप है कि सब्जी विक्रेताओं को हटाने की कोशिश करने पर उन्हें डराया और धमकाया जाता है. असामाजिक तत्वों के बढ़ते प्रभाव के कारण अस्पताल का सुरक्षित वातावरण पूरी तरह खराब हो चुका है. आदित्यपुर पुलिस और नगर निगम को कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई "ठोस कार्रवाई" नहीं हुई है जिससे स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों में गहरा रोष व्याप्त है.
"अवैध कब्जे" को तुरंत हटाने की मांग
स्थानीय निवासियों और डॉक्टरों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस "अवैध कब्जे" को तुरंत हटाकर स्वास्थ्य केंद्र परिसर को सुरक्षित और स्वच्छ बनाया जाए. स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए यहां पुलिस की गश्त और कड़े प्रशासनिक सुधारों की तत्काल आवश्यकता महसूस की जा रही है.