Jharkhand News: झारखंड स्टेट बार काउंसिल की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए हुए चुनाव के बाद अब मतगणना की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. काउंसिल की ओर से जारी सूचना के अनुसार शुक्रवार से वोटों की गिनती का काम प्रारंभ होगा. माना जा रहा है कि मतों की संख्या अधिक होने के कारण पूरी प्रक्रिया को पूरा होने में करीब दस दिन से अधिक समय लग सकता है.
सुबह 11 बजे से शुरू होगी मतगणना
बार काउंसिल द्वारा जारी पत्र के मुताबिक मतगणना शुक्रवार सुबह 11 बजे से स्टेट बार काउंसिल के भवन में शुरू की जाएगी. मतगणना के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए केवल अधिकृत लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी.
उम्मीदवारों को दिए गए विशेष निर्देश
काउंसिल ने चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे मतगणना शुरू होने से पहले ही मतगणना स्थल पर पहुंच जाएं. परिसर में प्रवेश के लिए पहचान पत्र अनिवार्य रखा गया है. बिना पहचान पत्र के किसी को भी मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
25 पदों के लिए चुनाव, मैदान में 100 प्रत्याशी
इस चुनाव में बार काउंसिल के कुल 25 सदस्य चुने जाने हैं. इनमें से 23 पदों पर मतदान के जरिए चुनाव हो रहा है. इन 23 पदों में 18 पुरुष और 5 महिला सदस्यों का चयन वोटिंग के माध्यम से किया जाएगा, जबकि दो महिला सदस्यों का चयन मनोनयन के आधार पर किया जाएगा.
इस बार चुनावी मैदान में कुल 100 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें 75 पुरुष और 25 महिला प्रत्याशी शामिल हैं. अब मतगणना शुरू होने के साथ ही सभी उम्मीदवारों की नजर परिणाम पर टिकी हुई है. अगले कुछ दिनों में तय हो जाएगा कि झारखंड स्टेट बार काउंसिल की नई कार्यकारिणी में किन चेहरों को जगह मिलती है.