Pakur News: पाकुड़ जिले में त्योहारों से पहले अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. रामनवमी, ईद और सरहुल को देखते हुए उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है. इसी कड़ी में बुधवार देर रात दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई, जहां से अवैध शराब और बियर बरामद हुई.
दो दुकानों में छापेमारी
अवर निरीक्षक विक्रम कुमार शाह के नेतृत्व में रद्दीपुर थाना क्षेत्र के श्रीरामगढ़िया और हुलियापाथर गांव में छापेमारी की गई. टीम ने भुवन शाह और हावित हांसदा के दुकानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 6 लीटर अवैध विदेशी शराब और 5.20 लीटर बियर जब्त की.
मौके से फरार हुए आरोपी
छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. हालांकि उत्पाद विभाग ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
त्योहारों में बढ़ी निगरानी
जिला प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर खास नजर रखी जा रही है. ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
अभियान रहेगा जारी
प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. जो भी इसमें शामिल पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.