Jharkhand: झारखंड में शराब की बिक्री तेजी से बढ़ रही है। लोग पहले के मुताबिक ज्यादा बीयर और शराब पी रहे हैं, जिससे सरकार की कमाई भी बढ़ रही है।
11 महीनों में ही बिकी करोड़ों की बियर व शराब
पिछले 11 महीनों में ही राज्य में करीब 4.81 करोड़ लीटर बीयर बिक चुकी है। अगर पिछले सालों से तुलना करें, तो यह आंकड़ा लगातार बढ़ता दिख रहा है। साल 2022-23 में 2.52 करोड़ लीटर बीयर बिकी थी, जो 2023-24 में बढ़कर 4.03 करोड़ लीटर हो गई। वहीं 2024-25 में यह 5.01 करोड़ लीटर तक पहुंच गई।
अब 2025-26 के चालू वित्तीय वर्ष में सिर्फ अप्रैल से फरवरी तक ही 4.81 करोड़ लीटर बीयर बिक चुकी है, जबकि मार्च का आंकड़ा अभी बाकी है।
सरकार का बढ़ा राजस्व
शराब की बढ़ती बिक्री का असर सरकार की कमाई पर भी साफ दिख रहा है। 2022-23 में सरकार को करीब 2056 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। इसके बाद 2023-24 में यह बढ़कर 2376 करोड़ और 2024-25 में 2710 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, 2025-26 में सिर्फ 11 महीनों में ही सरकार को 3636 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हो चुकी है।
बीयर के साथ - साथ देसी और विदेशी शराब भी बीके
सिर्फ बीयर ही नहीं, देसी और विदेशी शराब की बिक्री में भी बढ़ोतरी हुई है। इस साल 25.78 लाख लीटर देसी शराब और 2.29 करोड़ लीटर विदेशी शराब बिक चुकी है, जो पिछले साल से ज्यादा है।
सीधे शब्दों में कहें तो झारखंड में शराब की खपत लगातार बढ़ रही है और इसके साथ ही सरकार का राजस्व भी तेजी से बढ़ रहा है।