Jamshedpur News: जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हितकु पंचायत के हितकु गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ भू-माफिया सरकारी जमीन को घेराबंदी कर अपने कब्जे में लेने की कोशिश कर रहे हैं. इसको लेकर गांव के लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है.
बाउंड्री कर कब्जा करने का प्रयास
ग्रामीणों के अनुसार गांव में मौजूद सरकारी जमीन पर पिछले कुछ दिनों से कुछ लोगों द्वारा बाउंड्री कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि जमीन के चारों ओर घेराबंदी की जा रही है, जिससे यह जमीन धीरे-धीरे निजी कब्जे में चली जाए. गांव के लोगों का कहना है कि यह जमीन सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है और इसका इस्तेमाल आम लोगों के हित में होना चाहिए.
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने करीब 26 दिन पहले ही प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी. ग्रामीणों का कहना है कि अंचल अधिकारी (CO), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और एलआरडीसी (LRDC) को लिखित और मौखिक रूप से इस पूरे मामले से अवगत कराया गया था. इसके बावजूद अब तक किसी भी अधिकारी द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच या कार्रवाई नहीं की गई है.
प्रशासन की कार्यवाई में देरी, माफियाओं का मनोबल बढ़ा
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से कार्रवाई में हो रही देरी के कारण भू-माफियाओं का मनोबल बढ़ रहा है और वे लगातार जमीन की घेराबंदी करने में लगे हुए हैं. लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही इस पर रोक नहीं लगाई गई तो सरकारी जमीन पूरी तरह से अवैध कब्जे में चली जाएगी.
गांव के कई लोगों ने बताया कि सरकारी जमीन गांव के लिए काफी महत्वपूर्ण है और भविष्य में इसका उपयोग सार्वजनिक कार्यों के लिए किया जा सकता है. ऐसे में इस जमीन पर अवैध कब्जा होने से गांव के विकास पर भी असर पड़ सकता है.
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जल्द जांच कर अवैध रूप से की जा रही घेराबंदी को तुरंत हटाया जाए और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. वहीं ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अगर जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया तो वे इस मुद्दे को लेकर आगे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.