Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-16

Jamshedpur Peace Committee Meeting : ईद, सरहुल, हिन्दू नववर्ष और रामनवमी को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने की सौहार्द बनाए रखने की अपील

Jamshedpur : आगामी ईद, सरहुल, हिन्दू नववर्ष और रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर सोमवार को नगर भवन में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की। इस दौरान विभिन्न आयोजन समितियों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


बैठक में त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित कई मांगें और सुझाव सामने आए। प्रशासन की ओर से इन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।


उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि जमशेदपुर में सभी धर्मों के लोग हमेशा आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाते आए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी धर्मों की भावनाओं का सम्मान करते हुए शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। साथ ही सभी को आगामी पर्वों की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और भड़काऊ या संदिग्ध पोस्ट को आगे न बढ़ाने की सलाह दी।

बैठक में यह भी कहा गया कि जुलूसों को संयमित और व्यवस्थित रखने के लिए वोलेंटियर की मदद ली जाए।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने आयोजकों से अपील की कि शोभायात्रा संयमित और स्वनियंत्रित तरीके से निकालें। पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा दें, तय रूट और समय का पालन करें तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

वहीं पुलिस अधीक्षक (सिटी) कुमार शिवाशीष ने कहा कि त्योहारों के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में किसी को भी जुलूस में शामिल होने नहीं दिया जाएगा और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरीय पदाधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !