Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर से एक बेहद गंभीर और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक पर शादी का झांसा देकर महिला का लंबे समय तक यौन शोषण करने, उससे पैसे ठगने और पटना में अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसका शोषण करवाने का आरोप लगा है। जुगसलाई थाना पुलिस ने मामले में आरोपी सोनू कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी का झांसा देकर करता रहा शोषण
पीड़िता की शिकायत के अनुसार उसकी मुलाकात वर्ष 2022 में सोनू कुमार साहू से हुई थी। उस समय आरोपी कदमा थाना क्षेत्र की गांधी बस्ती में रहता था। बाद में वह धातकीडीह इलाके में रहने लगा।
आरोपी ने महिला को शादी का भरोसा देकर अपने झांसे में लिया और जमशेदपुर की कई अलग-अलग बस्तियों में उसे पत्नी की तरह रखता रहा। इस दौरान वह लगातार महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा, लेकिन हर बार शादी करने से मुकर जाता था।
शादी के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की ठगी
महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये भी ले लिए। आज तक आरोपी ने एक भी रुपया वापस नहीं किया। पैसे लेने के बाद भी उसने महिला का शोषण जारी रखा और उसे अलग-अलग जगहों पर रखता रहा।
पटना में दोस्तों से भी करवाया गलत काम
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब आरोपी महिला को पटना ले गया। वहां उसने अपने दोस्तों से पैसे लेकर महिला के साथ गलत काम करवाया। पीड़िता ने पटना में पहले घरेलू हिंसा से संबंधित एक मामला दर्ज कराया था, लेकिन वह मामला खारिज हो गया। इसके बाद आरोपी फिर से उसे परेशान करने लगा।
घर में घुसकर मारपीट और धमकी
पीड़िता के मुताबिक 4 मार्च की रात आरोपी जबरन जुगसलाई स्थित उसके घर में घुस गया। उसने गलत हरकत की और विरोध करने पर घर की खिड़की तोड़ दी, मारपीट की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर 15 मार्च को जुगसलाई थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जुगसलाई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह की घटनाएं तो नहीं की हैं।
पीड़िता ने मांगी कड़ी सजा
पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। वहीं, पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके की महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होने की बात कही जा रही है।