Ranchi Politics: रांची के कांग्रेस भवन में रविवार को महान समाज सुधारक और बहुजन समाज के प्रेरणास्रोत कांशी राम की 92वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
वंचित समाज को अधिकारों के लिए संगठित करने का किया काम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी राहुल राज ने कहा कि कांशीराम ने समाज के दबे-कुचले और वंचित वर्गों को संगठित कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने सामाजिक परिवर्तन की एक मजबूत धारा खड़ी की, जिसका असर आज भी समाज में देखा जा सकता है.
उनके विचारों को आगे बढ़ाने की जरूरत
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए झारखंड प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष केदार पासवान ने कहा कि कांशीराम का जीवन संघर्ष, त्याग और सामाजिक चेतना का प्रेरक उदाहरण है. उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाए और सामाजिक न्याय, समानता तथा भाईचारे के संदेश को आगे बढ़ाया जाए.
इस अवसर पर कांग्रेस मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मूंजनी, कांके विधायक सुरेश बैठा, प्रशांत किशोर, रांची महानगर अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजू राम सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे. कार्यक्रम में जवाहर लाल, विजय राम, पिंटू तुरी, हर्ष कालिंदी, सोरेन राम, मीणा, किशोर नायक, अवधेश नारायण प्रसाद, उषा पासवान, रंजीत राम, प्रेम कुमार, सम्राट चटर्जी, मिथिलेश कालिंदी, संजय कुमार राम, आशा देवी, रिंकी देवी, सुरेश मुंडा, रंजू देवी, मदन कुमार महतो समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे.