Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-15

Jharkhand Railway News: चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, 62 किमी का सफर तय करने में लग रहे 4 घंटे तक

Jharkhand Railway News (Anshuman Kumar Sah) : चक्रधरपुर रेल मंडल में इन दिनों यात्री ट्रेनों की लगातार देरी से चलने की समस्या बढ़ती जा रही है. खासकर टाटानगर से गम्हरिया, सिनी और राजखरसावां के बीच रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. रोजाना आने-जाने वाले छात्र, नौकरीपेशा लोग और अन्य यात्री ट्रेन के समय पर नहीं पहुंचने से परेशान हैं.


मालगाड़ियों की अधिक आवाजाही बन रही वजह

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार टाटानगर से चक्रधरपुर के बीच लगभग 62 किलोमीटर की दूरी है, जिसे सामान्य स्थिति में ट्रेन करीब एक घंटे में तय कर लेती है. लेकिन वर्तमान में कई यात्री ट्रेनों को यह दूरी तय करने में 2 से 4 घंटे तक का समय लग रहा है. बताया जा रहा है कि इस रूट पर मालगाड़ियों की आवाजाही बहुत अधिक है. अनुमान के मुताबिक हर दिन इस सेक्शन से करीब 150 से 200 मालगाड़ियां गुजरती हैं, जबकि यात्री ट्रेनों की संख्या लगभग 24 के आसपास है. इसी कारण कई बार पैसेंजर ट्रेनों को सिग्नल पर रोककर पहले मालगाड़ियों को गुजरने दिया जाता है.

यात्रियों ने रेल मंत्री से की हस्तक्षेप की मांग
यात्रियों का कहना है कि इस रूट पर ट्रेनों के लेट होने की समस्या पिछले करीब तीन वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है. सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. लोगों का सुझाव है कि ट्रेन संचालन के लिए तय समय स्लॉट बनाया जाए और दो यात्री ट्रेनों के बाद एक मालगाड़ी को रास्ता दिया जाए, ताकि पैसेंजर ट्रेनों का समय बेहतर तरीके से संचालित हो सके.

गर्मी में और बढ़ जाती है परेशानी
गर्मी के मौसम में यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं. कई ट्रेनों में एसी कोच नहीं होने के कारण यात्रियों को तेज गर्मी में घंटों तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है. ऐसे में लोग उम्मीद कर रहे हैं कि रेलवे प्रशासन जल्द इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कोई ठोस कदम उठाएगा, जिससे यात्रियों को राहत मिल सके.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !