Seraikela News: झारखंड पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को विधानसभा परिसर से झारखंड पुलिस के लिए कुल 1485 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस वितरण में सरायकेला-खरसावां जिले को विशेष प्राथमिकता देते हुए 19 नए वाहन सौंपे गए हैं, जिससे जिले में गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी.
सरायकेला-खरसावां के लिए सौगात
जिले के औद्योगिक और संवेदनशील क्षेत्रों को देखते हुए सरायकेला पुलिस के बेड़े में इन 19 वाहनों का शामिल होना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इन नए वाहनों के आने से जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में पुलिस का रिस्पांस टाइम कम होगा और अपराधियों पर शिकंजा कसना आसान हो जाएगा.
पुलिस बेड़े में पेट्रोलिंग और दोपहिया वाहनों की एंट्री
पूरे राज्य के लिए मुख्यमंत्री ने कुल 636 चार पहिया पेट्रोलिंग गाड़ियां और 849 मोटरसाइकिलें जारी की हैं. सरायकेला के अलावा रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो और गिरिडीह जैसे प्रमुख जिलों को भी नए संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं. इन वाहनों का मुख्य उद्देश्य गश्ती व्यवस्था को मजबूत करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करना है.
12 हाई-टेक थानों का शिलान्यास
वाहन वितरण के साथ ही सीएम ने 12 अत्याधुनिक पुलिस थानों की आधारशिला भी रखी. इन थानों को “मॉडल पुलिस स्टेशन” के रूप में विकसित किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि इन थानों की बनावट ऐसी होगी कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग दफ्तरों में नहीं जाना पड़ेगा. एक ही छत के नीचे लोगों से जुड़े सभी कानूनी कार्य पूरे किए जा सकेंगे.
सुरक्षित झारखंड सरकार की प्राथमिकता: सीएम
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य के नागरिकों के लिए भयमुक्त वातावरण तैयार करना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया और युवाओं से पूरी ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करने की अपील की.