Government Jobs: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए इस समय कई अहम अपडेट सामने आए हैं. केंद्र और राज्य स्तर पर अलग-अलग विभागों में भर्ती से जुड़ी जानकारी सामने आई है, जिससे हजारों उम्मीदवारों को रोजगार का मौका मिल सकता है. हाल ही में संसद में दी गई जानकारी के अनुसार देश के विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों में बड़ी संख्या में जवानों के पद अभी भी खाली हैं. वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में भी नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया गया है. इसके साथ ही मध्य प्रदेश में पैरामेडिकल और नर्सिंग स्टाफ के पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. ऐसे में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है.
केंद्रीय सुरक्षा बलों में हजारों पद अभी भी रिक्त
केंद्र सरकार द्वारा संसद में दी गई जानकारी के अनुसार देश के विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में जवानों के हजारों पद अभी भी खाली है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक कुल मिलाकर 93 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की जानी बाकी है. सबसे अधिक रिक्तियां Central Industrial Security Force (CISF) और Central Reserve Police Force (CRPF) में बताई गई हैं. CISF में लगभग 28 हजार से ज्यादा पद खाली है, जबकि CRPF में करीब 27 हजार से अधिक पदों पर भर्ती होनी है. इसके अलावा Border Security Force (BSF) में 14 हजार से ज्यादा, Indo-Tibetan Border Police (ITBP) में 12 हजार से अधिक और Sashastra Seema Bal (SSB) में करीब 6 हजार से ज्यादा पद रिक्त बताए गए हैं. वहीं Assam Rifles में भी हजारों पदों पर भर्ती होना बाकी है.सरकार के अनुसार इन रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से जारी है.
UP प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में 115 पदों पर भर्ती
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए उत्तर प्रदेश से भी एक अच्छा अवसर सामने आया है. Uttar Pradesh Pollution Control Board ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 115 पदों को भरा जाएगा. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 2 अप्रैल से शुरू होगी. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 22 अप्रैल तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को 29 अप्रैल तक अपने आवेदन पत्र में सुधार करने का भी अवसर मिलेगा. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ ले.
एमपी में पैरामेडिकल और नर्सिंग स्टाफ के लिए आवेदन जारी
स्वास्थ्य क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए मध्य प्रदेश में भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है. Madhya Pradesh Employees Selection Board (MPESB) ने ग्रुप-5 के अंतर्गत पैरामेडिकल और नर्सिंग स्टाफ के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 291 पदों को भरा जाएगा. इन पदों में स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी जैसे कई तकनीकी पद शामिल हैं.इच्छुक उम्मीदवार 27 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है. भर्ती से जुड़ी योग्यता, चयन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है.
देशभर में निकली इन भर्तियों को सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है. केंद्रीय सुरक्षा बलों में बड़ी संख्या में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया और राज्यों में जारी नई भर्तियां आने वाले समय में रोजगार के अवसर बढ़ा सकती है. ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जाती है.