Seraikela News: सरायकेला के समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतों और आवेदनों की सुनवाई की गई. इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के त्वरित और पारदर्शी निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए.
जनता दरबार में कई तरह की समस्याएं सामने आईं. इनमें आदित्यपुर स्थित पीआगो शोरूम और श्रीराम फाइनेंस के खिलाफ खराब ऑटो वाहन देने तथा वाहन एक्सचेंज की प्रक्रिया में कथित रूप से राशि गबन करने की शिकायत प्रमुख रही. इसके अलावा सरायकेला अंचल के छोटा टांगरानी क्षेत्र में भूमि सीमांकन से जुड़े लंबे समय से लंबित मामले के समाधान की मांग भी उठाई गई.
इसके साथ ही वर्ष 1970-71 में बंदोबस्ती की गई जमीन के मुआवजे की बकाया राशि के भुगतान, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में लंबित जन्म प्रमाण पत्र जारी करने और लाल बिल्डिंग चौक में गुमटी हटाकर अवैध रूप से शराब का अड्डा चलाए जाने के खिलाफ कार्रवाई की मांग से जुड़े आवेदन भी दिए गए. वहीं हटाई गई गुमटी को दोबारा स्थापित करने से संबंधित मामला भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया.
उपायुक्त ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही पात्र लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.