Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के पदों पर बहाली के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. शुक्रवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने संयुक्त रूप से बिरसा मुंडा स्टेडियम का दौरा किया. अधिकारियों ने आगामी 17 मार्च से शुरू होने वाली शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा के लिए किए गए इंतजामों का विस्तृत जायजा लिया.
मैदान में बनेंगे रजिस्ट्रेशन और मेडिकल स्टॉल
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मैदान के भीतर ही सहायता केंद्र, पंजीकरण केंद्र और चिकित्सा केंद्र (मेडिकल कैंप) स्थापित किए जाएं. साथ ही, अलग-अलग प्रखंडों से आने वाले अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए स्टेडियम परिसर में जगह-जगह दिशा-निर्देश वाले साइनबोर्ड और सूचना पट्ट लगाने को कहा गया है ताकि किसी को परेशानी न हो.
केवल अभ्यर्थियों को मिलेगा प्रवेश
सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर एसपी मुकेश लूणायत ने सख्त निर्देश दिए हैं. परीक्षा के दौरान बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा. निर्धारित प्रक्रिया के तहत केवल एडमिट कार्ड धारक अभ्यर्थियों को ही गेट से भीतर आने की अनुमति दी जाएगी.
समय पर व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को चेतावनी दी है कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 17 मार्च से पहले हर हाल में पूरी कर ली जाएं. पेयजल, बैठने की व्यवस्था और रोशनी के पर्याप्त इंतजाम रखने पर विशेष जोर दिया गया है. जिला प्रशासन का लक्ष्य इस पूरी बहाली प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है.